प्रखंड कार्यालय, चिनिया के सभागार में कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी की एक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता चिनिया बीडीओ सुबोध कुमार ने की। बैठक के दौरान बीडीओ ने कहा कि संस्था का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह, दहेज प्रथा और भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों को समाप्त करना है। संस्था लोगों को जागरूक करने का कार्य कर रही है ताकि ये बुराइयां समाज से खत्म की जा सकें।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सामूहिक विवाह को प्रोत्साहित करना और महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना प्रमुख लक्ष्य हैं। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा बालिकाओं और महिलाओं के हित में चलाई जा रही योजनाओं के बारे में जनप्रतिनिधियों और पदाधिकारियों के सहयोग से लोगों को जागरूक करना जरूरी है। इन योजनाओं का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन सुनिश्चित करना भी बैठक का एक अहम बिंदु रहा।
दिसंबर 2024 में आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए बीडीओ ने सभी जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे अपने क्षेत्रों में अनाथ, गरीब और असहाय कन्याओं का सर्वे कर उन्हें संस्था में पंजीकृत करें ताकि वे सामूहिक विवाह में शामिल हो सकें।
उन्होंने बाल विवाह और दहेज प्रथा जैसी कुरीतियों पर रोक लगाने और सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
इस बैठक में कन्या विवाह एंड विकास सोसाइटी के सचिव विकास कुमार माली के प्रतिनिधि आकाश दीप, अजय कुमार, अनिल कुमार मंडल, जितेंद्र कुमार, विकास कुमार मेहता, आनंद कुमार और मिथिलेश कुमार समेत कई अन्य लोग उपस्थित थे।