- एक बच्चे का नहीं मिल रहा, स्थानीय लोगों की ओर से खोजबीन जारी
पलामू: राजहारा कोयल नदी स्थित छठ घाट पर डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। इसमें एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया. वहीं दूसरे का पता नहीं चल रहा. स्थानीय लोगों की ओर से काफी खोजबीन की जा रही है। दोनों बच्चे राजहारा गांव स्थित दुशियानी टोला निवासी राजू भुईयां के पुत्र बताए जाते हैं। जानकारी के अनुसार राजू भुईयां के साले की पत्नी राजहारा स्थित छठ घाट पर छठ करने गई थी। जहां राजू की पत्नी बच्चे भी शामिल होने गए थे। इसी बीच दोनों बच्चे नदी में उतर गए। जहां तेज बहाव के साथ पानी ज्यादा था। बच्चे को डूबते देख परिजनों की ओर से बचाने का हर संभव प्रयास किया गया। 9 वर्षीय शशि कुमार को स्थानीय लोगों सहित परिजनों ने बाहर निकाला. वही 7 वर्षीय साजन का शव नदी में ही दब कर रह गया है। जिसे स्थानीय लोगों के द्वारा निकालने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है. समाचार लिखे जाने तक बच्चे का शव को बाहर नहीं निकाला जा सका था। दोनों बच्चे के चाचा महावीर भुईयां ने बताया कि शशि कुमार को नदी से निकालने के बाद ही स्थिति गंभीर बनी हुई थी। जिसे इलाज को लेकर परिजन मेदिनीनगर पीएमसीएच अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। यह घटना के बाद टोले में कोहराम मचा है। परिजन दहाड़ मार कर रो रहे हैं।