मेदिनीनगर । पलामू। झारखण्ड क्रांति मंच के संस्थापक सह केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु को छत्तरपुर कौवल में बाबा साहेब डा०बभीमराव अम्बेडकर के 131 वीं जयंती पखवारा के तहत आयोजित विशाल समारोह में समाज के कमजोर वर्गों पर बढ़ते अन्याय-अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाने व संघर्ष करने के लिए संविधान सुरक्षा मंच ने वर्ष 2021 के लिए बहुजन रत्न पुरस्कार से सम्बन्धित प्रशस्तिपत्र, नकद पांच हजार रूपए व अंग वस्त्र देकर करतल ध्वनि व हर्षोल्लास के बीच सम्मानित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जन जागृति विकास मंच सह आयोजन समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त एम०ओ० युगल किशोर राम व संचालन संविधान सुरक्षा मंच, छत्तरपुर के संयोजक विद्वान शिक्षक जगदीश नागवंशी ने किया।
कार्यक्रम में उद्घाटन कर्ता इंजिनियर लाल बिहारी यादव, मुख्य अतिथि पूर्व सांसद घूरन राम, मुख्य वक्ता शत्रुघ्न कुमार शत्रु, सुषमा बौद्ध,अखिलेश्वर प्रसाद सिंह आदि ने बाबा साहेब डा० बी०आर०अम्बेडकर व तथागत बुद्ध की तस्वीर के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की, सुषमा बौद्ध ने बुद्ध वंदना, त्रिशरण और पंचशील का पाठ कर महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने की शपथ दिलाई।
स्कूली बालिकाओं द्वारा मिशनरी स्वागत गान के बाद अतिथियों को माला देकर हार्दिक स्वागत के साथ ही विचार गोष्ठी की शुरुआत पीएचडी के शोधार्थी गणेश राम ने किया, इसके बाद डा०बसंत ज्योति,डा०लक्ष्मण राम,रामवृक्ष राम,योगेश यादव,अमरेश कुमार उर्फ बुटन , मुखिया राजेन्द्र यादव, राजेश्वर राम,ललन भुईयां आदि ने बाबा साहेब के जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए उद्घाटन कर्ता इंजिनियर लाल बिहारी यादव ने बाबा साहेब को सिम्बल आप नालेज व आधुनिक भारत के युगद्रष्टा बतलाते हुए उनके पदचिन्हों पर चलने की अपील किया। वहीं मुख्य अतिथि पूर्व सांसद घूरन राम ने विस्तार से बाबा साहेब के संघर्षों पर चर्चा करते हुए सभी तरह के समाजिक बुराईयों खासकर दहेज प्रथा से बचने व बाबा साहेब के तीन मुल मंत्र को आत्मसात करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्य वक्ता शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने बहुजन रत्न पुरस्कार से नवाजने के लिए दिल की गहराइयों से संविधान सुरक्षा मंच व आयोजन समिति के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों का आभार प्रकट किया और कहा की जीवनपर्यंत बाबा साहेब की विचारधारा के साथ संघर्ष करते हुए अन्याय-अत्याचार के विरुद्ध आवाज बुलंद करुंगा।ऐसे पुरस्कारों से संघर्ष करने की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम में मैट्रिक परीक्षा में सर्वोत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले छात्रों व सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों, पदाधिकारियों को अंग वस्त्र, माला व बाबा साहेब के जीवन चरित्र से सम्बन्धित पुस्तक देकर स्वागत किया गया।
सांस्कृतिक संध्या के दूसरे सत्र में बिरहा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गायक राजकुमार यादव और सुनिता चंचल के बीच शानदार मिशनरी बिरहा मुकाबला का दर्शकों ने रात भर आनन्द उठाया।