मेदिनीनगर । पलामू । झारखण्ड क्रांति मंच के संस्थापक सह केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर मोदी सरकार के वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत आम बजट को कारपोरेट जगत को समर्पित व देश में आर्थिक विषमता की खाई को चौड़ा करनेवाला दिशाहीन बजट करार दिया है।
जारी विज्ञप्ति में उन्होंने कहा है कि जिस तरह आजादी के बाद लम्बे समय तक आर्थिक औद्योगिक घरानों के चन्दों से बननेवाली कांग्रेसी सरकारों का हर बजट देश में गरीबी हटाओ के नारे के खिलाफ अमीरों के पक्ष में सफलीभूत होता रहा , ठीक उसी तरह से कारपोरेट के हजारों करोड़ रुपयों व साधनों संसाधनों से नख से लेकर शिख तक डूबी भाजपा की मोदी सरकार सबका साथ लेकर कारपोरेट का विकास व आम आदमी का विनाश को प्रतिबद्ध हर बार बजट पेश करती रही है।
जारी विज्ञप्ति में केन्द्रीय अध्यक्ष ने कहा है कि आजादी के बाद भाजपा कांग्रेस की अब तक की सरकारों द्वारा बजट में प्रावधानित कई लोकलुभावन घोषणाएं मजाक में तब्दील होती रही हैं।देश का आर्थिक रूप से सक्षम व अग्रणी आर्थिक औद्योगिक जमात व आर्थिक अपराधी भगोड़े इसका फायदा उठा लेते हैं,वहीं आम आदमी के हिस्से में महज घोषणाएं रह जाती है।
विज्ञप्ति के अंत में उन्होंने कहा है कि कोरोना के कारण असंगठित व संगठित क्षेत्र में भीषणतम रुप से बढ़ती बेरोजगारी रोकने का ठोस प्रयास की इच्छाशक्ति कहीं नजर नहीं आती,वहीं करदाताओं किसानों व आम आदमी की दैनिक जीवन की परेशानियों से वित मंत्री जी का कोई लेना-देना बजट में नहीं दिखलाई पड़ता है।