नावाबाजार। पलामू। झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय सचिव सह नावाबाजार प्रखण्ड के पूर्व प्रमुख रेणु देवी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि पिछले पांच महीने से वृद्ध, विधवा व विकलांग पेंशन के भूगतान नहीं होने से वृद्ध ,विधवा व विकलांग असहायों के समक्ष भूखमरी का संकट व्याप्त हो गया है।
उन्होंने कहा है कि निराश्रित, असहाय व अक्षम लोगों का पेंशन भूगतान में महीनों का विलम्ब यह प्रमाणित करता है कि केन्द्र व राज्य सरकार में शामिल जनप्रतिनिधि व नौकरशाह मानवीय संवेदनाओं को भूलते जा रहे हैं। गौरतलब है कि राजनेताओं व पेंशनभोगी पूर्व नौकरशाहों का इस देश में समय पर पेंशन का भूगतान होता है, वहीं वयोवृद्ध नागरिकों, विधवा व दिव्यांग जनों को बिना आन्दोलन के कोई सुनता नहीं है।
विज्ञप्ति के अंत में पूर्व प्रमुख ने हेमत सरकार से विधानसभा के आगामी सत्र में समय पर उपरोक्त असहाय जनों के पेंशन भूगतान के लिए विधेयक लाने की मांग किया है।