छतरपुर । पलामू । आज छत्तरपुर बाजार प्रांगण में अनुमंडलीय नाई महासभा के बैनर तले महान समाजवादी नेता व शोषितों वंचितों के अप्रतिम मसीहा व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री स्व०कर्पूरी ठाकुर के 98 वीं जयंती समारोह का आयोजन महासभा के अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद ठाकुर की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन आलोक कुमार ठाकुर ने किया।
कार्यक्रम के प्रारंभ में नाई महासभा झारखण्ड के प्रदेश अध्यक्ष रमेश ठाकुर,पूर्व सांसद घुरन राम, झारखण्ड क्रांति मंच के संस्थापक सह केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु, गुलाम चन्द्र प्रसाद अग्रवाल कालेज के प्राचार्य जितेंद्र प्रसाद व छत्तरपुर नगर पंचायत के उपाध्यक्ष बुल बाबा, पूर्व नगर पंचायत के अध्यक्ष प्रत्याशी अरविंद कुमार गुप्ता उर्फ चुनमुन जीआदि ने जननायक कर्पूरी ठाकुर जी के तैल चित्र के सामने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित व माल्यार्पण कर विनम्र श्रद्धा सुमन अर्पित किया।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए झारखण्ड क्रांति मंच के संस्थापक सह केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने कहा की अपने जीवन के प्रारम्भिक दिनों में भीषण समाजिक व आर्थिक विषमता से जूझते हुए जननायक ने राजनीतिक व समाजिक जीवन में जो कीर्तिमान कायम किया वह शोषित व वंचित समाज के बीच राजनीति करनेवालों के लिए अनुकरणीय सबक है। निस्वार्थ समाजसेवा करते हुए राजनीति के क्षेत्र में पिछड़े व कमजोर वर्गों के आरक्षण की शुरुआत करनेवाले समाजवाद के दूर्लभ रत्न ने कभी परिवारवाद व नीति स्वार्थ को अपने पास फटकने नहीं दिया।
उनके सिद्धांतों पर चलने हुए सबको समाजिक न्याय देना व समतामूलक समाज की स्थापना करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में नाई समाज के लोकप्रिय ब्यास संतोष ठाकुर व उनकी टीम ने उनके जीवनी से सम्बन्धित गीतों को प्रस्तुत किया।