Palamu । धजवा पहाड़ बचाओ संघर्ष समिति के मांगों की अनदेखी के खिलाफ 14 दिसंबर को डीसी कार्यालय का घेराव
मेदिनीनगर । पलामू । आज शांतिपुरी स्थित भाकपा माले के जिला कार्यालय में विभिन्न जन संगठनों की बैठक झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष शत्रुघ्न कुमार शत्रु की अध्यक्षता में धजवा पहाड़ बचाओ संघर्ष समिति के लगातार चल रहे आंदोलन के प्रति जिला व अनुमंडल प्रशासन की अनदेखी व उदासीनता के खिलाफ आन्दोलन की रुपरेखा तैयार करने को लेकर सम्पन्न हुई।
बैठक का संचालन भाकपा माले के जिला सचिव आर०एन०सिंह ने किया।बैठक में जन संग्राम मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष युगल किशोर पाल, दिहाड़ी मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष गौतम कुमार, एससी-एसटी ओबीसी एण्ड माइनारिटी एकता मंच के केन्द्रीय अध्यक्ष रवि पाल,फूलन देवी विचार मंच केन्द्रीय अध्यक्ष शैलेश चन्द्रवंशी ने पलामू में बालू व पत्थर माफियाओं को प्रशासनिक संरक्षण देकर पर्यावरण को भीषण नुकसान पहूंचाने पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए आन्दोलन शुरू करने की बात कही।
बैठक में व्यापक विचार-विमर्श के बाद आगामी 14 दिसंबर 2021 को धजवा पहाड़ बचाओ संघर्ष समिति के मांगों के प्रति जोर देने व लीज रद्द करने के सवाल पर उपायुक्त मेदिनीनगर पलामू के कार्यालय घेराव व प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के अध्यक्षीय सम्बोधन में शत्रुघ्न कुमार शत्रु ने पलामू में जल,जंगल,जमीन व खान-खनिजों को बचाने के लिए लड़ने वाले सभी संगठनों व साथियों को धजवा पहाड़ बचाने के सवाल पर आगामी 14 दिसंबर को डीसी पलामू के मेदिनीनगर स्थित कार्यालय घेराव व प्रदर्शन में शामिल होने की अपील किया है।