नावाबाजार । पलामू । झारखण्ड क्रांति मंच के केन्द्रीय सचिव सह नावाबाजार प्रखण्ड के पूर्व प्रमुख रेणु देवी ने अपने गृह पंचायत रबदा से मुखिया पद का चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए कहा है कि रबदा पंचायत के सर्वांगीण विकास की अवधारणा को जमीन पर उतारने के लिए सबसे सशक्त आवाज के तौर पर मैं जनता की अदालत में उतर रही हूं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि पंचायत के सभी वर्गों का आशिर्वाद प्राप्त कर आदर्श पंचायत का सपना साकार करुंगी। जारी विज्ञप्ति में उन्होंने कहा है कि अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित इस पंचायत में सबको पता है कि हमने हमेशा पंचायत व प्रखण्ड की समस्याओं पर आवाज बुलंद किया है।सबको पता है कि पिछले 10 वर्षों में रबदा पंचायत 10 वर्ष पीछे चला गया है। सड़क, सिंचाई,बिजली,पानी,शिक्षा, शौचालय,आपदा प्रबन्धन, चिकित्सा,महिला सशक्तिकरण व रोजगार जैसे मसलों पर कोई ढंग का कार्य नहीं हुआ। ग्राम सभा को मजाक में तब्दील किया गया।लूट की सारी योजनाओं पर ध्यान केंद्रित कर पंचायती राज का सपना ध्वस्त किया गया। विज्ञप्ति के अंत में उन्होंने कहा है कि सभी धर्मों का सम्मान व सबके साथ न्याय की भावना पर चलते हुए पूरे जिले में रबदा पंचायत को आदर्श पंचायत के रूप में पहचान दिलाने के लिए मैं रबदा पंचायत की महान जनता-जनार्दन के आगे एक-एक वोट के लिए आंचल फैलाऊंगी।